यूपी की ताजनगरी आगरा गुरुवार सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठी। चर्चित रंगबाज राज चौहान हत्याकांड में पुलिस और बदमाशों के बीच तीन अलग-अलग स्थानों पर मुठभेड़ हुई।
एक एनकाउंटर में पुलिस ने मुख्य आरोपी अरबाज खान उर्फ मंसूरी को मार गिराया, जबकि उसके दो साथी मोहित पंडित और आशु गोली लगने से घायल हो गए। दोनों बदमाशों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, 23 जनवरी को आगरा के ट्रांस यमुना इलाके में राज चौहान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
राज चौहान के खिलाफ पहले से हत्या समेत तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। वह दिसंबर में ही जेल से बाहर आया था और रिहाई के बाद शक्ति प्रदर्शन करते हुए बड़ा जुलूस भी निकाला गया था।
बताया जाता है कि इस जुलूस में करीब 200 युवक, एक दर्जन कारें और 40 बाइकें शामिल थीं। पुलिस का दावा है कि हत्या के बाद अरबाज खान को गिरफ्तार कर तमंचे की बरामदगी के लिए ले जाया जा रहा था, तभी उसने एक दरोगा की पिस्टल छीनकर पुलिस पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे ढेर कर दिया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
