उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक मानसिक दिव्यांग के साथ गैंगरेप की खबर है. वारदात उस वक्त हुई जब दिव्यांग युवती अपने घर में अकेली थी. हरियाणा से बारात में आए दो बारातियों ने उसे अकेला पाकर गैंग रेप किया और फरार हो गए. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है.
सहारनपुर के एक गांव में हरियाणा के यमुनानगर से बारात आई थी. पूरा गांव जब शादी के जश्न में डूबा हुआ था. बारात में आए दो युवक एक घर में घुस गए. इस घर में मानसिक रूप से दिव्यांग एक युवती रहती थी. इस युवती पर कई घंटे से दोनो युवक अपनी बुरी नजर रखे हुए थे.
दोनो दरिन्दों ने युवती के साथ गैंगरेप किया और उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गए. दोनों आरोपियों को भागते वक्त पीड़िता की ताई ने उन्हें देख लिया और परिवार को इसकी सूचना दी. पीड़िता की ताई वहां युवती की चीख सुनकर पहुंची थी.
परिवार ने इस मामले में पुलिस से शिकायत की. पुलिस ने केस दर्ज करके युवती का मेडिकल परीक्षण कराया. मामला पुलिस अफसरों तक पहुंचा और तत्काल एक्शन करते हुए दोनो आरोपियों की गिरफ्तारी की कोशिशें शुरू कर दी गयी.
पुलिस ने तत्काल प्रभाव से आरोपियों की पहचान शुरू की. सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान हुई. सीसीटीवी कैमरों में दोनों आरोपी भागते हुए कैद हुए थे. दोनों के खिलाफ केस दर्ज हुआ और फिर दो पुलिस टीमों को हरियाणा रवाना किया गया. कुछ घंटे बाद दोनों की गिरफ्तारी कर ली गई.
एसपी देहात सहारनपुर सागर जैन के मुताबिक कि पीड़िता युवती मानसिक रूप से अस्वस्थ है. तहरीर के आधार पर दोनों युवकों के खिलाफ केस दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों के नाम सुरेंद्र और जनरैल सिंह है. यह दोनों हरियाणा के यमुनानगर के गांव बालाचोर गांव के निवासी है.
