भेड़ियों की दहशत में जी रहे बहराइच में आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे. उन्होंने भेडियों के हमलों से प्रभावित महसी तहसील क्षेत्र का हवाई निरीक्षण किया और भेड़ियों के हमले में मारे गए मासूमों और घायलों के परिजनों से भेंट की.
भेडियों के हमले से प्रभावित लोगों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चूड़ामणि गांव में 27 पीड़ित परिवारों को उपहार बांटे. उन्होंने एक बच्ची को गोद में लेकर उसे चॉकलेट खिलाया. 75 साल की मखाना देवी से भी मुख्यमंत्री ने मुलाकात की. मखाना देवी भेड़िए के हमले में घायल हुई थी.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वन विभाग की 165 टीमों को भेडियों को पकड़ने के लिए लगाया गया है. अगर वह पकड़ में नहीं आता तो उसे गोली मार दी जाएगी. आज मैं खुद पीड़ितों से मिलने आया हूं. टीम जब तक भेडियों के खतरे को खत्म नहीं कर देती, उसकी तैनाती यहीं पर रहेगी.
बहराइच में 2 महीने से आधा दर्जन से ज्यादा भेड़िए आदमखोर हो चले हैं. भेडियों के हमले में 10 लोगों की जान चली गई और चार दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. वन विभाग में पांच भेड़ियों को अब तक पकड़ा है. भेड़ियों के गैंग का सरगना लंगड़ा भेड़िया अभी तक वन विभाग की गिरफ्त से दूर है. बताया जाता है कि लंगड़ा भेड़िया सबसे उम्रदराज है और वह भेडियों के समूह का मुखिया है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भेड़ियों के हमले में घायल हुए ग्रामीणों के बीच अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन लोगों के पास आवास नहीं है, उन्हें आवास दिए जाएं. जिनके घर अधूरे बने हुए हैं, उनके घर बनवाए जाएं और जिन घरों में दरवाजे नहीं है, उनके दरवाजे लगवाये जाए.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भेड़ियों के हमले में मारे गए मृतकों के परिवारों को 5 लाख रूपये की सहायता देने का ऐलान किया है. इसके अलावा जो लोग घायल हुए हैं उनके बेहतर इलाज की व्यवस्था कराई गई है.
