आठ साल के सफल वैवाहिक जीवन के बाद एक मैकेनिकल इंजीनियर ने अब औरत बनने की ठानी है. उसने औरतों की तरह मेकअप शुरू किया और साड़ी पहनने की आदत डाल ली है. मैकेनिकल इंजीनियर अब अपना लिंग परिवर्तन करवाना चाहता है. मैकेनिकल इंजीनियर की पत्नी ने अब उससे तलाक मांगा है.
गाजियाबाद की एक अदालत में तलाक का एक अनोखा केस आया है. इस केस में पति-पत्नी दोनों की ओर से तलाक पर सहमति जताई गयी है. यह केस अपने आप में अनोखा और आश्चर्यजनक है. पत्नी ने तलाक मांगने के साथ दलील दी है कि उसका पति अब लिपस्टिक लगाने लगा है.

उसने साड़ी पहनना शुरू कर दिया और वह अब औरतों की तरह व्यवहार भी करता है.
2013 में इस दम्पत्ति ने शादी की थी. याचिका में लिखा है कि दोनो की शादी बेहतर चल रही थी. दोनों में अच्छे वैवाहिक सम्बन्ध थे. 2017 में उनको एक बेटा भी हुआ. सब कुछ ठीक चल रहा था. आफिस के काम से पति को कुछ महीनों के लिए बैंगलूरू जाना पड़ा. जब वह लौटे तो उनका व्यवहार भी बदल चुका था.
पति ने अचानक साड़ी पहनना शुरू कर दिया.
बदली हुई आदतों को लेकर पत्नी ने पति को काफी समझाया. समाज की भी दुहाई दी लेकिन पति नही माना. उल्टे उसने पत्नी को बताया कि वह कुछ दवाइयां ले रहा है. यह सब उसका असर है. वह जल्द ही पुरूष से औरत बनना चाहता है. अब यही उसके जीवन का लक्ष्य है.
उसने अपनी पत्नी को यह भी बताया कि जल्द ही वह सर्जरी कराकर औरत बन जायेगा.
कहानी यहीं खत्म नही हुई. पत्नी ने जब तलाक की धमकी दी तो पति ने उसे खुशी-खुशी स्वीकार कर लिया. पति ने अपना तबादला बैंगलूरू करा लिया है और पत्नी को जीवन खर्च के फिलहाल 18 लाख रूपये की रकम भी दी है.
अदालत में भी पति ने तलाक की याचिका पर अपनी सहमति दे दी है. पिछले कई महीनों से दोनों अलग-अलग रह रहे है.
