मेरठ में एक ही परिवार के 5 लोगों की हत्या के मामले में पुलिस को नईम नाम के तांत्रिक की तलाश है. नईम की तलाश में मेरठ पुलिस की कई टीमें उत्तराखंड से लेकर केरल तक की खाक छान रही है. नईम ने प्रापर्टी विवाद और रूपयों के लेनदेन को लेकर अपने सौतेले भाई मोईन और उसके परिवार को कत्ल कर डाला. वारदात के बाद से नईम मेरठ से फरार है.
पुलिस के मुताबिक करीब 10 दिन पहले परिवार के खात्मे की साजिश नईम और उसके भाई, भाभी ने रची थी. नईम का मोईन के साथ प्लाट के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था. नईम तांत्रिक है और उसके खिलाफ यूपी समेत कई राज्यों में धोखाधड़ी के मुकदमें दर्ज है.
मोईन का परिवार मूलरूप से मेरठ के किठौर का निवासी है. मोईन के पिता एक जमाने में यहां से रूड़की के एक गांव में बस गये थे. एक वक्त सारे भाई अलग-अलग सैटल हो गये. रूड़की में मोईन का भाई अमजद एक हत्या के केस में जेल चला गया तो मोईन ने वहां अपना घर बेच दिया. घर बिक्री का जो पैसा मिला उससे मोईन ने मेरठ में एक प्लाट खरीदा.
इसी बीच अमजद की जमानत के लिए मोईन ने अपनी भाभी नजराना को 4 लाख रूपये दिये. यह पैसा जब वापस नही मिला तो मोईन ने इसे प्लाट का हिस्सा मानकर पूरे प्लाट को अपनी ओर कर लिया. मोईन ने हत्याकांड के 2 दिन पहले ही इस प्लाट पर लैंटर पूरा करके मुहल्ले में लड्डू बांटे थे.
मोईन की इस हरकत से नजराना नाराज थी साथ ही जेल में बंद अमजद भी. नईम भी मेरठ आकर बस गया था और यहीं तांत्रिक का काम कर रहा था. नईम और मोईन के बीच भी लेनदेन का विवाद था. रूड़की में मोईन एक मिनी ट्रक चलाया करता था. इस ट्रक को खरीदते वक्त नईम ने भी पैसा दिया था. मोईन से नईम वह पैसा वापस चाहता था. इस बात को लेकर दोनो सौतेले भाईयों में रिश्ते तल्ख हो गये थे.
पुलिस के मुताबिक नईम हत्या से पूर्व की रात मोईन के घर गया था. नजराना भी इस रात मोईन के घर देर तक बैठ कर आयी थी. इसके बाद से मोईन के परिवार से सम्पर्क नही हुआ. मोईन के भाई उसे तलाशते हुए अगले दिन जब यहां पहुंचे तो घर में लाशें मिली.
पुलिस के मुताबिक केरल में रहते हुए तांत्रिक नईम ने कई लोगो से धोखाधड़ी की. उसके खिलाफ वहां केस दर्ज है. इसके अलावा नईम की एक बीबी केरल की है. यह नईम की चौथी बीबी है. नईम के साथ एक उसका रिश्तेदार भी रहता है. नईम इसे अपना दत्तक पुत्र बताता है. पुलिस को शक है कि यह व्यक्ति भी इस हत्याकांड में शामिल है.
पुलिस केरल के अलावा दिल्ली, उत्तराखंड और महाराष्ट्र में भी नईम की तलाश कर रही है. नईम का यह मानना था कि जब पूरे परिवार का कत्ल हो जायेगा तो मोईन का मकान और पैसा सब नईम और उसके भाईयों को मिल जायेगा. इसी साजिश के चलते नईम ने अन्य के साथ मिलकर मोईन, उसकी पत्नी और 3 मासूम बेटियों को कत्ल कर डाला.
