बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान के घर में घुसे चोर ने एक्टर पर चाकुओं से हमला करके उसे बुरी तरह घायल कर दिया है. हाईटेक सिक्योरिटी से लैस अपार्टमेंट में घुसे चोर ने हमले से पहले सैफ से एक करोड़ रूपये की मांग की और घरेलू नौकरानी पर हमला किया था. आज पूरे दिन अस्पताल में भर्ती रहे सैफ का कई घंटे आप्रेशन करके उनकी पीठ में घुसे चाकू को निकाल लिया गया है.
मुंबई पुलिस ने अपार्टमेंट में घुसे चोर का सीसीटीवी फुटेज जारी किया है. इस वीडियो में चोर सीढ़ियों से उतरता हुआ दिख रहा है. यह चोर कैसे सैफ के घर में घुसा, मुंबई पुलिस इसकी जांच में जुटी है. फिलहाल पुलिस से सैफ की नौकरानी के बयानों पर आधारित तहरीर के मुताबिक केस दर्ज कर लिया है और आधिकारिक बयान भी जारी किया है.
मुंबई के बांद्रा स्थित सैफ अली खान के घर हमला होने की सूचना पुलिस कंट्रोलरूम को करीब 3 बजे मिली. घटनाक्रम के मुताबिक एक चोर ने फायर स्टेयर्स के जरिये सैफ के घर में रात करीब 2 बजे एंट्री की. घर में घुसने के बाद उसकी घर की नौकरानी से बहस शुरू हो गयी. चोर बच्चों के कमरे तक आ चुका था. इसी दौरान बच्चों की नैनी की नींद खुली और वह दौड़कर सैफ के कमरे में पहुंची और घर में चोर होने की सूचना उनको दी.
सैफ तेजी से मौके पर पहुंचे तो चोर के हाथ में चाकू था और वह मेड पर हमले के लिए तैयार था. सैफ ने बहादुरी दिखाई और चोर से भिड़ गये. सैफ के ऊपर चोर ने उनकी पीठ, गर्दन और हाथ पर चाकू से वार किया. सैफ को 6 जगहों पर चाकुओं के प्रहार किये गये. डॉक्टरों से सैफ का आप्रेशन करके करीब ढाई इंच लंबा चाकू का टुकड़ा उनकी पीठ से निकाला है. सैफ से मुकाबला होने के बाद चोर फायर एस्केप के रास्ते ही फरार हो गया.
सैफ के घर में हुए हमले के बाद सीढ़ियों से भागते चोर का वीडियो पुलिस को मिला है. उसकी पहचान भी पुलिस ने कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है. पुलिस के मुताबिक हमले के वक्त अपार्टमेंट में एक ही चोर घुसा था. पुलिस ने यह भी बताया कि चोर से एक करोड़ रूपये की रकम की मांग की थी.
सैफ की टीम की ओर से जारी बयान में बताया गया कि एक्टर की हालत अब पहले से बेहतर है और वह खतरे से बाहर है.
