सीनियर आईएएस मनोज कुमार सिंह को उत्तर प्रदेश का नया मुख्य सचिव बनाया गया है। यूपी के मुख्य सचिव रहे दुर्गा शंकर मिश्र को इस बार केंद्र सरकार ने एक्सटेंशन नहीं दिया। इसके बाद योगी आदित्यनाथ सरकार ने मनोज कुमार सिंह को नया चीफ सेक्रेटरी बनाया है। मनोज कुमार सिंह ने रविवार को अपना कार्यभार संभाल लिया।
मनोज कुमार सिंह ने कहा कि “मुख्यमंत्री की सभी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। हम लोग प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी की तरफ आगे ले जाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव बनने के बाद उनके सामने बहुत सी चुनौतियां हैं और अब जिम्मेदारियां भी बढ़ गई है। अभी तक कुछ विभागों का जिम्मा ही मेरे पास था लेकिन अब सभी विभागों की देखभाल मुझे करनी है। उन्होंने कहा की ऐसी स्थिति में वह दोगुनी मेहनत करेगे।”
मनोज कुमार सिंह 1988 बैच के आईएएस अफसर हैं। चीफ सेक्रेटरी बनने से पहले वह काफी महत्वपूर्ण पदों पर उत्तर प्रदेश सरकार में रह चुके हैं और सरकार के विश्वसनीय अफसर में से एक माने जाते हैं।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र कई दिन से दिल्ली में थे और यह उम्मीद जताई जा रही थी कि वह अबकी बार फिर से अपना सेवा विस्तार करा पाएंगे। मगर इस बार उनका सेवा विस्तार नहीं हो सका। दुर्गा शंकर मिश्र ने मनोज कुमार सिंह को मुख्य सचिव बनने पर शुभकामनाएं दी है।
