हाईकोर्ट से जमानत के बाद जेल से रिहा हुए झामुमो नेता हेमंत सोरेन झारखंड के 13वें मुख्यमंत्री बने हैं. झारखंड राजभवन से उनकी गिरफ्तारी की गई थी. 156 दिन बाद उन्होंने फिर से इसी राजभवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. हेमंत सोरेन तीसरी बार झारखंड के मुख्यमंत्री बनाए गए हैं. उनके अलावा उनके पिता शिबू सोरेन और भाजपा नेता अर्जुन मुंडा राज्य के तीन-तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं.
सीएम पद की शपथ लेने के बाद हेमंत सोरेन ने कैबिनेट की बैठक ली. 8 जुलाई को विधानसभा का विशेष सत्र आहूत करने का निर्णय इस बैठक में लिया गया. हेमंत सोरेन को सदन का विश्वास मत भी प्राप्त करना है.
इससे पहले चंपाई सोरेन ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर राज्य की कुर्सी हेमंत सोरेन के लिए प्रस्तुत की थी. उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन को नई सरकार के गठन के लिए मैं बधाई देता हूं. हमें पूरी उम्मीद है कि वे सभी कार्यों को पूरा करेंगे.

राजभवन में आज हुए शपथ समारोह में किसी भी कैबिनेट मंत्री को शपथ नहीं दिलाई गई है. सूत्रों के मुताबिक मंत्रियों के नाम अभी तय नहीं हो पाए हैं. संकेत हैं कि अगले तीन महीने में कैबिनेट मंत्री तय होने के बाद हेमंत कैबिनेट में नए चेहरों को जगह मिलेगी.
नया राज्य बनने के 24 साल में झारखंड में 12 मुख्यमंत्री देखे हैं.
