छोटे पर्दे की बड़ी अभिनेत्री हिना खान ने अपना एक वीडियो शेयर किया है. हिना खान इस वीडियो में अपने लंबे बालों को काटते हुए दिखाई दे रही हैं. कैंसर से जूझ रही हिना खान ने मुस्कुराते हुए खुद अपने बाल काटे और यह वीडियो शेयर किया है.
हिना खान का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. वीडियो की शुरुआत में हिना की मां रो रही है. वह बेटी के हेयर कट करवाने से खुश नहीं है. हिना अपनी मां को समझा रही है कि यह तो बाल ही है, काटने के बाद फिर आ जाएंगे. पीछे से हिना के बॉयफ्रेंड रॉकी जायसवाल भी उनकी मां से ना रोने की रिक्वेस्ट करते सुनाई देते हैं.
कैंची से अपने बाल काटते हुए हिना मुस्कुराती दिख रही हैं लेकिन उनके चेहरे का दर्द साफ दिखाई दे रहा है. स्पष्ट दिख रहा है कि एक्ट्रेस ने अपने बाल काटते समय अपने चेहरे का दर्द दबा रखा है. हेयर कट करवाने के बाद हिना ने कहा कि वह काफी अच्छा और आजाद महसूस कर रही हैं. एक्ट्रेस को अपना नया लुक पसंद आया है. वीडियो के अंत में हिना की मां उनका गाल चूमते हुए नजर आ रही है.

इस वीडियो के साथ एक्ट्रेस ने अपना एक लॉन्ग नोट भी शेयर किया है. उन्होंने लिखा है कि आप मेरी मां के रोने की आवाज सुन सकते हैं. मुझे दुआएं देते हुए वह अंदर ही अंदर खुद को वह सब देखने के लिए तैयार कर रही थी. इसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी. हम सभी के पास इस हार्टब्रेकिंग मोमेंट को संभालने की एक जैसी शक्ति नहीं होती. हिना ने आगे लिखा है कि वहां मौजूद सभी खूबसूरत लोगों के लिए खासकर वह महिलाएं जो मेरे साथ इस तरह की लड़ाई लड़ रही हैं. मुझे पता है कि यह मुश्किल है.
हिना के इस वीडियो पर कई सेलेब्स ने उनके लिए दुआ की है और उनको बहादुर बताया है.
