हाथरस सत्संग कांड का मुख्य आरोपी देवप्रकाश मधुकर गिरफ्तार कर लिया गया है. मधुकर ने यूपी पुलिस की स्पेशल टीम के सामने दिल्ली में आत्मसमर्पण कर दिया. सुप्रीमकोर्ट के वकील एपी सिंह ने दावा किया है कि यूपी पुलिस के विशेष जांच दल को मधुकर को सौंप दिया गया है. हाथरस सत्संग कांड में अब तक 123 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है.
हाथरस की सिकंदराऊ पुलिस ने देवप्रकाश मधुकर को सत्संग का मुख्य आयोजक मानते हुए उसके खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया था. इस मुकदमे में मधुकर के अलावा जो भी लोग आरोपी बताए गए वह अज्ञात में दर्ज है. पुलिस मधुकर की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दे रही थी लेकिन वह हाथ नहीं आ पा रहा था. पुलिस ने उसके ऊपर एक लाख रुपए के इनाम की घोषणा भी की थी.
सूरजपाल साकार हरि के वकील एपी सिंह ने एक वीडियो जारी करके बताया है कि मधुकर दिल्ली में अपना इलाज कर रहा था. वह एक अस्पताल में भर्ती था. वह जांच में पुलिस का सहयोग करना चाहता है इसलिए उसने सरेंडर किया है. सत्संग के लिए मधुकर ने ही जिला प्रशासन से अनुमति ली थी. कार्यक्रम का मुख्य आयोजनकर्ता भी वही था. मधुकर के खिलाफ गैरइरादतन हत्या, सबूत मिटाने समेत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है.
मधुकर की गिरफ्तारी के बाद सूरजपाल साकार हरि का एक वीडियो भी सामने आया है. एएनआई को दिया गया साक्षात्कार यह वीडियो साकार हरि का सत्संग घटना के बाद पहला बयान है. साकार हरि ने अपने बयान में कहा है कि परमात्मा सब की मदद करेंगे. जो घटना हुई उससे वह बहुत आहत है. उन्होंने यह भी कहा कि वह पीड़ित परिवारों की मदद करने का पूरा प्रयास करेंगे.
