उत्तर प्रदेश भाजपा की कार्यसमिति की बैठक में आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे. उन्होंने अपने संबोधन में विपक्ष पर निशाना साधा. मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिआत्मविश्वास की वजह से इस चुनाव में हमें चोट लगी है. कार्यकर्ताओं को बैक फुट पर जाने की जरूरत नही है. उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी 2019 में हमारी कोशिशें से नाकाम रहे थे लेकिन इस बार साजिश करके सफल हो गए है.
भारतीय जनता पार्टी की एकदिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक लखनऊ के डॉक्टर राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के अंबेडकर सभागार में हुई. इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेता शामिल हुए.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमें सोशल मीडिया पर नजर रखनी होगी. हम अपनी उपलब्धियां को मुद्दा नहीं बना पाए आखिर इसका कारण क्या था. उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आपको किसी भी स्थिति में पीछे हटने की जरूरत नहीं है. आप लोगों ने साबित किया है कि भाजपा देश की सर्वश्रेष्ठ पार्टी है. वोटो की शिफ्टिंग और अति आत्मविश्वास की वजह से कहीं ना कहीं चोट जरूर पहुंची है लेकिन आप लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014, 2017, 2019 और 2022 में सफलता हासिल करके भी दिखाई है.
उत्तर प्रदेश में अपनी उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमने अपने कार्यकर्ताओं की मदद से यूपी को माफिया मुक्त किया है. प्रदेश को सुरक्षित माहौल दिया है. हमने 500 साल बाद राममंदिर का निर्माण किया है. पहले मोहर्रम में ताजिया के नाम पर घरों को तोड़ा जाता था लेकिन अब किसी की मनमानी नहीं चलती. देश संकट में है. हमने जाति और मजहब के नाम पर कभी कोई भेदभाव नहीं किया है.
कार्यसमिति की बैठक में बोलते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा आज की पार्टी है और भविष्य की भी पार्टी है. हमको यह बात समझनी चाहिए कि हमारे कंधों पर जो जिम्मेदारी है वह सीजनल नहीं है. यह जिम्मेदारी सदैव और निरंतर हमारे कंधों पर है.
उन्होंने कहा कि भारत की जनता ने लगातार तीसरी बार हमको समर्थन दिया है तो इसका मतलब यह है कि उसने एक विशेष कार्य के लिए यह जनादेश हमें दिया है. हम पूरे भारत में राजनीति करते हैं. देश का कोई ऐसा कोना नहीं है जहां भाजपा की उपस्थिति ना हो. भाजपा इस स्थिति में अपने कार्यकर्ताओं के दम पर पहुंची है. कार्यकर्ता ही पार्टी के लिए सबसे महत्वपूर्ण है.
कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी भी मौजूद रहे और उन्होंने अपने संबोधन में कांग्रेस और सपा पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया. बैठक में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य, लक्ष्मीकांत वाजपेई, रामशंकर कठेरिया और राजकुमार चाहर समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे.
