आगरा के रकाबगंज थाने में थानेदार इंस्पैक्टर शैली राणा को उनके सरकारी आवास में घुसकर पीटा गया. करीब आधा दर्जन लोगो ने थानेदार और उसके प्रेमी इंस्पैक्टर पवन कुमार को जमकर पीटा और उनके कपड़े फाड़ दिये. आला अधिकारियों ने प्राथमिक जांच के बाद थाने के कई पुलिसवालों को सस्पैंड कर दिया है.
आगरा कमिश्नरेट के डीसीपी सूरज राय ने एक्शन लेते हुए सब इंस्पैक्टर सुनील लांबा और देवेन्द्र को लाइन हाजिर कर दिया है. महिला थाना की हैड कांस्टेबल रेखा को भी लाइन हाजिर किया गया है. कांस्टेबल अंकित, गिरीश और राजेन्द्र को भी थाने से हटाकर लाइन भेजा गया है. हैड कांस्टेबल हरिकेश और विशाल निलंबित कर दिये गये है. थाना रकाबगंज की प्रभारी निरीक्षक शैली राणा को पहले ही निलंबित किया जा चुका है.
दरअसल, शैली राणा और इंस्पैक्टर पवन कुमार के बीच लंबे समय से अवैध सम्बंध है. पवन कुमार की पोस्टिंग मुजफ्फरनगर से यूपी विजिलेंस में प्रयागराज हो चुकी है. मुजफ्फरनगर से उन्हें 11 जुलाई 2024 को विजिलेंस के लिए रिलीव कर दिया गया था. 3 अगस्त को पवन कुमार आगरा के रकाबगंज थाने की इंस्पैक्टर शैली राणा के साथ उनके सरकारी आवास में मिले. पवन कुमार की पत्नी के घरवालों ने उन्हें यहां शैली के साथ एक कमरे में रंगेहाथ पकड़ा था.
दोनो को आवास से बाहर निकालकर उनकी पिटाई की गयी. थानेदार शैली राणा को उनके ही थाना परिसर में उनके प्रेमी के साथ पीटा गया. इस दौरान पवन कुमार के कपड़े तक फाड़ दिये गये. दिलचस्प बात यह थी कि वहां मौजूद थाने के पुलिसकर्मी इस दौरान हमलावरों को रोकने के बजाय खड़े हुए तमाशा देखते रहे. इस मामले में डीसीपी सूरज राय ने गंभीर एक्शन लेकर पुलिसवालों के खिलाफ कार्रवाई की है.
महिला इंस्पैक्टर शैली राणा की ओर से इस मामले में अब एक मुकदमा भी थाने में दर्ज कराया गया है. शैली राणा की ओर से दर्ज इस केस के बाद पुलिस ने इंस्पैक्टर पवन कुमार की पत्नी समेत 3 महिलाओं को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक इस वारदात में शामिल बाकी आरोपियों की तलाश जारी है.
शैली राणा नोयडा से चर्चित पुलिस इंस्पैक्टर रही है. बताया जाता है कि नोयडा में रहते हुए उनका अपने पति से अलगाव हो गया और उनके संबध पवन कुमार से हो गये थे. उनका तबादला मुजफ्फरनगर हो गया और पवन कुमार को मेरठ भेज दिया गया. शैली यहां मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में तैनात रही. थोड़े दिन बाद मेरठ से पवन कुमार ने अपना तबादला मुजफ्फरनगर करा लिया.
यहां पवन की पत्नी की शिकायत पर शैली राणा को आगरा ट्रांसफर कर दिया गया और थोड़े दिन बाद पवन को विजिलेंस प्रयागराज भेज दिया गया. बताते है कि शैली राणा से संबध होने के बाद पवन कुमार अपनी पत्नी से तलाक चाहते है. शैली की कार्यशैली मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में रहते हुए संदिग्ध रही है. सहारनपुर के एक व्यक्ति ने उनके खिलाफ गंभीर आरोप लगाये थे.
