बुल्डोजर जस्टिस को लेकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अब यूपी की राजनीति बुल्डोजर को लेकर गर्म है. आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच बुल्डोजर को लेकर पूरे दिन तक रार चलती रही. आरोप प्रत्यारोप और तंज भी किए गए. अखिलेश यादव ने 2027 में सभी बुल्डोजरों को गोरखपुर की ओर मोड़ने का बयान दिया था.
आज गोरखपुर में पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर रहे अखिलेश यादव ने कहा कि सपा की राज्य में सरकार बनते ही बुल्डोजर को गोरखपुर भेज देंगे. 2027 में सभी बुल्डोजरों का रुख गोरखपुर की ओर होगा. प्रदेश के सभी बुल्डोजर गोरखपुर की ओर भेजे जाएंगे. उन्होंने यह भी कहा कि राज्य की बीजेपी सरकार बेगुनाह लोगो को कानून के शिकंजे में फंसा रही है.
अखिलेश यादव के इस बयान के बाद यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पलटवार आया. सीएम योगी ने कहा कि बुल्डोजर वही चला सकता है जिसका बुल्डोजर पर हाथ सेट हो. बुल्डोजर चलाने के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति की जरूरत होती है. जिसके पास वह शक्ति होगी वही बुल्डोजर चला पाएगा. बुल्डोजर चलाने के लिए दिल और दिमाग दोनों की जरूरत होती है.
योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि दंगाइयों के सामने नाक रगड़ने वाले क्या बुल्डोजर चलाएंगे. वह तो दंगाइयों के सामने पस्त हो जाते है.
अखिलेश यादव ने लखनऊ में बुल्डोजर राजनीति पर एक और कदम आगे बढ़ाया. उन्होंने कहा कि अब बुल्डोजर पर कोर्ट का बुल्डोजर चला है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री यह बताएं कि क्या सीएम आवास का नक्शा पास है. मुख्यमंत्री कागज दिखाएं कि नक्शा कब पास किया गया था. उन्होंने मुख्यमंत्री को सीधे जवाब देते हुए कहा की बुल्डोजर दिमाग से नहीं स्टेरिंग से चलता है, उत्तर प्रदेश की जनता अब स्टेरिंग बदल देगी. बुल्डोजर नाइंसाफी का प्रतीक है. उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री चैन से नहीं सो पा रहे हैं.
दोपहर बाद प्रयागराज पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर अखिलेश यादव को निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि यह वही टीपू है जो सुल्तान बनना चाहते हैं. यही टीपू माफिया के सामने नाक रगड़ा करते थे. यह माफिया को गले का हार बना कर रखते थे. उत्तर प्रदेश में मां बहन पर हाथ डालने वाले का हाथ और पैर अलग-अलग कर दिए जाएंगे. महिलाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा. उत्तर प्रदेश की सरकार अपने इन दायित्व का निर्वहन करेगी और इसके लिए चाहे उसे किसी भी हद तक जाना पड़े.
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान का जवाब देते हुए एक बार फिर यूपी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अगर आप और आपका बुल्डोजर इतना ही सफल है तो अलग पार्टी बनाकर बुल्डोजर चुनाव चिन्ह लेकर चुनाव लड़ जाइए. आपका भ्रम भी टूट जाएगा और घमंड भी. वैसे भी आपके जो हालात हैं उसमें आप भाजपा में होते हुए भी नहीं के बराबर है. अलग पार्टी तो आपको आज नहीं तो कल बनाने ही पड़ेगी.
