हिमाचल प्रदेश में मस्जिद के अवैध निर्माण को लेकर शुरू हुए विवाद में एक नया मोड़ आया है. मंडी शहर के जेल रोड पर स्थित मस्जिद के अवैध निर्माण को तोड़ने के लिए नगर निगम के आयुक्त ने आदेश जारी किया है. इस आदेश के मुताबिक मस्जिद की दो अवैध मंजिलें गिराई जाएगी.
नगर निगम के आयुक्त एचएच राणा ने आदेश किया है कि अवैध रूप से बनाई गई मस्जिद की दो मंजिलों को गिरकर उसे 30 दिन के भीतर पुराने स्वरूप में लाये जाने का आदेश जारी किया गया है. मस्जिद का यह निर्माण नक्शा पास करवाए बगैर ही कराया गया था. आदेश के बाद मुस्लिम वेलफेयर कम्युनिटी ने मस्जिद को पहले के स्वरूप में लाने की वचनबद्धता दोहराई है और पूरी प्रक्रिया में सहयोग का आश्वासन दिया है.

इस मामले में मस्जिद कमेटी को गलतियां सुधारने के लिए अक्टूबर 2023 से लेकर अब तक का समय दिया गया था लेकिन मस्जिद कमेटी ने कोई एक्शन नहीं लिया. इसके बाद हिंदूवादी संगठनों ने यहां पर आंदोलन शुरू कर दिया.
शुक्रवार को हुए हिंदू संगठनों के उग्र प्रदर्शन के दौरान मस्जिद के पास प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग लांघने की कोशिश की. पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारें छोड़ी. पुलिस के इस एक्शन से प्रदर्शनकारियों में भगदड़ मच गई. इस दौरान एक युवती की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया. विवादित मस्जिद को लेकर प्रदर्शनकारी लंबे समय से आंदोलन कर रहे है.
