उत्तर प्रदेश की सियासत में बहुचर्चित कवियत्री मधुमिता हत्याकांड से जुड़ी एक बड़ी खबर है. मधुमिता हत्याकांड के शूटर प्रकाश की कैंसर से मौत हो गई है. वह कई दिनों से पीजीआई लखनऊ में भर्ती था. बृहस्पतिवार को उसने आखिरी सांस ली. प्रकाश को मुंह में कैंसर था.

मधुमति शुक्ला हत्याकांड में पूर्वमंत्री अमरमणि त्रिपाठी के साथ शूटर प्रकाश पांडे को भी आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी. सुप्रीम कोर्ट में सजा के खिलाफ अपील दाखिल हुई जिसके बाद उसे जमानत मिल गई थी. शूटर प्रकाश पांडे 2013 से जेल के बाहर था. बीते 3 साल पहले प्रकाश पांडे को मुंह में कैंसर हो गया. कुछ दिन पहले कैंसर के आखिरी स्टेज पर उसे पीजीआई लखनऊ में भर्ती कराया गया था.
गुरुवार को प्रकाश पांडेय की मौत हो गई. प्रकाश पांडेय के परिजन उसके शव को गोरखपुर के चरगांवा स्थित उसके पैतृक आवास लेकर आए और यहां पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया. बताया जाता है कि प्रकाश पांडेय उत्तर प्रदेश के बाहुबली और सरकार में मंत्री रहे अमरमणि त्रिपाठी का बेहद खास था.
