मेरठ के सुहैल गार्डन में एक ही परिवार की 5 हत्याओं के मामले में नया मोड़ सामने आया है. पुलिस के मुताबिक पूरी वारदात रंजिश से प्रेरित है. परिवार के मुखिया मोईन की पत्नी के मायकेवालों की ओर से इस मामले में 3 नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. नामजद आरोपियों में दो मोईन के सौतेले भाई और एक भाभी शामिल है. पुलिस ने एक सौतेले भाई और भाभी नजराना को हिरासत में लिया है.
हत्याकांड का पता चलने के बाद गुरूवार रात को जिला, रेंज और जोन के अफसर मौका-ए-वारदात पर पहुंचे थे. शुरूआती जांच में ही इस बात की आशंका थी कि कत्ल करने वाले आसपास के या फिर नजदीकी रिश्तेदार हो सकते है. पुलिस ने इस मामले में सभी से पूछताछ की है.
मोईन के ससुरालवालों ने मोईन के दो सौतेले भाईयों और भाभी नजराना को नामजद कराते हुए केस दर्ज कराया है. अभी तक एक सौतेला भाई पुलिस के हत्थे नही चढ़ा है. बाकी नामजदों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है.
पुलिस जांच में अब तक कई ऐसे तथ्य सामने आये है जो रंजिश और हत्या के घटनाक्रम की ओर इशारा करते है. मेरठ से पहले मोईन का परिवार रूड़की में रहा करता था. मोईन के दो भाइयों के खिलाफ एक मामले में हत्या के आरोप लगे थे जिसके बाद मोईन ने रूड़की से पलायन किया. मोईन ने रूड़की का मकान 6 लाख में बेचा और अपना एक छोटा ट्रक भी बिक्री कर दिया था. इससे मोईन ने कुल 10 लाख रूपये जमा किये थे. इस रकम में से 4 लाख रूपये मोईन ने अपने भाई को उधार दिये थे. बाकी की रकम से मोईन ने अपना घर बनवाया.
बताया जाता है कि भाई को दी गयी रकम वापिस मांगने पर मोईन और उसके भाई के बीच विवाद हुआ था. इसके अलावा रूड़की में हत्या के मामले की रंजिश को भी वारदात से जोड़कर देखा जा रही है. पुलिस इन दोनो पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है. वारदात का कारण आसमां का पहला शौहर भी हो सकता है. आसमां ने अपने पहले शौहर से तलाक लेकर मोईन से करीब 10 साल पहले निकाह किया था. पुलिस को आसमां के पहले शौहर की भी तलाश है. पुलिस उससे पूछताछ कर सकती है.
आसमां की मोईन से दूसरी शादी है. जबकि मोईन की यह तीसरी शादी है. सभी बच्चे आसमां और मोईन के है. यह भी बताया गया है कि मोईन का एक भाई वाहन चोरी के आरोप में तिहाड़ जेल में बंद है.
पड़ौसियों की मानें तो मोईन के मकान का निर्माण अभी जारी था. दो दिन पहले आसमां ने घर का लैंटर पड़ने पर मुहल्ले में लड्डू बांटे थे. वह बहुत खुश थी. मुहल्ले में सबके साथ आसमां और मोईन का व्यवहार अच्छा था. मुहल्ले के एक झोलाछाप डाक्टर की भूमिका भी पुलिस खंगाल रही है.
मोईन के घर में खुद उसकी और उसकी पत्नी, 3 बेटियों की बेरहमी से हत्या कर दी गयी. मोईन का लाश घर में मिली थी. मोईन का गला काटकर उसके बोरे से पैक कर दिया गया था. उसके पैर बंधे हुए थे. आसमां और तीनों बेटियों की लाशें कत्ल के बाद बोरे में डालकर बैड बॉक्स में बंद कर दी गयी थी. पूरे घर में खून बिखरा मिला है. पुलिस अब हत्यारों की तलाश कर रही है.
