जम्मू कश्मीर के कठुआ में सोमवार दोपहर आतंकवादी हमला हुआ है. यहां पर आतंकियों ने सेना वाहन पर हमला किया और फिर अंधाधुंध गोलियां बरसाए. इस हमले में पांच जवान शहीद हो गए हैं. घटना के दौरान सेना का वाहन इलाके में गश्त कर रहा था.
सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे 22 गढ़वाल राइफल्स का वाहन इलाके में गश्त कर रहा था. इस दौरान जेंडा नाले के पास आतंकियों ने सेना वाहन पर हमला बोला. आतंकियों ने पहले ग्रेनेड फेंका और फिर वहां पर अंधाधुंध गोलियां चलाई. हमले के वक्त सेना वाहन में एक दर्जन जवान मौजूद बताये जा रहे है.
आतंकियों की कार्रवाई का जवाब देते हुए सेना ने भी मोर्चा संभाला. जवाबी कार्रवाई जैसे ही शुरू हुई, थोड़ी देर बाद आतंकी घने जंगल में भाग गए. बताया जा रहा है कि आतंकी ऊंचाई वाले इलाके में थे. इस हमले में सेवा के जूनियर कमान अधिकारी (जेसीओ) समेत पांच सैनिक शहीद हो गए हैं. बाकी जवानों को गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के लिए भेजा गया है.
सेना ने पूरे इलाके को घेर लिया है. मंगलवार सुबह तक आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन जारी था. इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तानी आतंकी संगठन जैश-ए-मुहम्मद के मुखौटा संगठन कश्मीर टाइगर्स ने ली है.
आशंका जताई जा रही है कि दहशतगर्दों ने हमले में स्टील बुलेट का इस्तेमाल किया है. सेना के इस ऑपरेशन में पैरा कमांडो भी शामिल कर किए गए हैं. उन्हें एयरलिफ्ट कर हमले वाले इलाके में ले जाया गया है. पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली गई है और बड़ा ऑपरेशन चलाकर आतंकियों के सफाये की कोशिशें जारी है. हालांकि देर शाम को बारिश और धुंध शुरू होने के बाद ऑपरेशन की गति को थोड़ा ब्रेक लगा है.
इस हमले में भारी हथियारों से लैस तीन आतंकियों के सीमा पार से घुसपैठ करने के बाद भारत में आने की आशंका है. आतंकियों ने जिस इलाके में हमला किया है वह क्षेत्र उधमपुर के बसंतगढ़ इलाके से जुड़ता है और वहां पहले भी कई मुठभेड़ हो चुकी है. माना जा रहा है कि सीमा पार से घुसपैठ के बाद आतंकी इसी रास्ते से मैदानी इलाके तक सफर तय करते हैं.
जम्मू कश्मीर में आतंकी हमले का सिलसिला थम नहीं रहा है. जम्मू में रविवार को ही राजौरी के सेना कैंप पर हमला किया गया था जिसमें एक जवान घायल हुआ था. इससे पहले कुलगाम जिले में शनिवार को दो मुठभेड़ हुई थी जिसमें सेना ने छह आतंकियों को मार गिराया गया था. सेना के दो जवान भी बलिदान हुए थे. 26 जून को सेना ने तीन आतंकी मार गिराए गए थे.
