अपनी राजनीति चमकाने के लिए गाजियाबाद के एक हिस्ट्रीशीटर ने हिंदू रक्षा के नाम पर बेगुनाह मुस्लिम मजदूरों को बुरी तरह पीटा और उनके घर जला दिए. यह मजदूर मधुबन बापूधाम क्षेत्र के गुलधर इलाके में झुग्गी झोपड़ी डालकर अपना जीवन यापन करते थे. पुलिस ने इस मामले में हिस्ट्रीशीटर पिंकी चौधरी और उसके साथियों को गिरफ्तार किया है.
खुद को हिंदू रक्षा दल का अध्यक्ष बताने वाला हिस्ट्रीशीटर पिंकी चौधरी कई दिनों से चर्चाओं में है. उसने तीन दिन पहले यह ऐलान किया था कि रोहिंग्या मुसलमान या बांग्लादेशी कहीं भी मिला उसे यहां नहीं रहने दिया जाएगा. उसके ऐलान के बाद गाजियाबाद की पुलिस चुप्पी साधे सोती रही. इस ऐलान का एक वीडियो भी उसने सोशल मीडिया पर वायरल किया था.
पिंकी चौधरी और उसके दो दर्जन साथियों ने लाठी-डंडे लेकर मधुबन बापूधाम इलाके में रह रहे गरीब मजदूरों के ऊपर शुक्रवार शाम को धावा बोला. इस दौरान मजदूरों को उनकी झोपड़िया में बुरी तरह पीटा गया. उनके झोपड़ियां का सामान लाठियां से तोड़ दिया गया. इतना ही नहीं पिंकी चौधरी और उसके साथियों ने मजदूरों की झोपड़ियां भी जला दी. मजदूर और उनके परिवार चीखते-बिलखते रहे लेकिन कोई उन्हें बचाने नही आया. यह सभी मजदूर परिवार मुस्लिम समाज से थे.
पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया और इस वीडियो को सोशल मीडिया पर बुरी तरह ट्रोल किया गया. अपनी फजीहत होता देख गाजियाबाद पुलिस जागी और उसने पिंकी चौधरी और उसके साथियों के खिलाफ मधुबन बापूधाम थाने में किस दर्ज किया. पिंकी चौधरी के बारे में पता चला है कि उसके खिलाफ पहले से ही 16 मुकदमे दर्ज हैं और वह साहिबाबाद थाने का हिस्ट्रीशीटर है.
पिंकी चौधरी और उसके साथियों ने बांग्लादेशी बताकर जिन मजदूरों की पिटाई की वह बांग्लादेशी नहीं है. सभी मजदूर और उनके परिवार शाहजहांपुर के रहने वाले हैं और गाजियाबाद में रहकर मजदूरी करते हैं. बारिश के मौसम में यह सभी लोग अब बेघर हो गए और सड़क पर आ चुके हैं. वह यहां खाली पड़ी जमीन पर झोंपड़ी डालकर रह रहे थे.
घटना का वीडियो वायरल होने से हरकत में आई पुलिस ने हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी उर्फ भूपेंद्र चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है. पिंकी चौधरी को बसंत कुंज इलाके से गिरफ्तार किया गया. चौधरी का एक साथी बादल उर्फ हरिओम भी गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अब बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है. बताया जा रहा है कि पिंकी चौधरी और उसके साथियों पर अब राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लगाया जाएगा.
