दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल का सपना आज साकार हो गया है. दिल्ली से चली रैपिड रेल का कारवां आज मेरठ पहुंच गया. मेरठ साउथ रैपिड रेल स्टेशन आज से आमजन के लिए खोल दिया गया है. रक्षाबंधन के दिन से सुबह 6 बजे से लेकर रात 10 बजे तक रैपिड रेल की सेवाऐं मिल सकेगी.
मेरठ का आउटर कहे जाने वाले भूड़बराल तक रैपिड रेल आ पहुंची है. यहां पर बने रैपिड रेल स्टेशन का नाम मेरठ साउथ रखा गया है. साहिबाबाद से चली रैपिड रेल मेरठ साउथ पहुंची तो यहां मौजूद हजारों लोगो ने तालियां बजाकर उसका स्वागत किया. बाद में उन्होने रैपिड रेल के सफर का आनन्द भी लिया. इस ट्रेन का नाम नमो भारत रखा गया है.
मेरठ-दिल्ली के बीच दशकों से बहुप्रतीक्षित रैपिड रेल ने अपने निर्माण के सफर की आधी दूरी तय कर ली है. रेपिड रेल के 42 किलोमीटर का परिचालन आज पूरा हो गया है. इस प्रोजेक्ट की पूरी लंबाई 82 किलोमीटर की है. इससे पहले मोदीनगर तक रैपिड रेल की सेवाऐं आमजन को मिल रही थी.
