फिरोजाबाद के नौशहरा में अवैध पटाखा गोदाम में हुए विस्फोट से एक दर्जन मकान ढह गए. इस हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है और कई लोग घायल है. मौके पर रेस्क्यू चलाने के लिए बरेली और गाजियाबाद से एनडीआरएफ की टीमें बुलानी पड़ी.
नेशनल हाईवे पर स्थित नौशहरा में चंद्रपाल के मकान को भूरा खान ने किराये पर ले रखा है. इस मकान में पटाखों का स्टोर बनाया गया था. सोमवार रात करीब 10:30 बजे किसी वजह से इस स्टोर में आग लग गई. इसके बाद इतना तेज धमाका हुआ कि आसपास के कई मकान ढह गए. कई मकानों में दरारें आ गयी.
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया. इस दौरान चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मरने वालों में 52 साल की मीरा देवी, 20 साल का अमन, 18 साल का गौतम, अभिनव डेढ़ साल और उसकी बहन इच्छा 4 साल शामिल है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और सरकारी मदद का ऐलान किया है. जिलाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक मृतक के परिजन को चार-चार लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी.
हादसे में मारी गई मीरा के बेटे पवन की ओर से पुलिस में तहरीर दी गई जिसके बाद आतिशबाज भूरा खान उर्फ नबी अहमद और उसके दो बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है.
