एशियन हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचे भारत का मुकाबला आज चीन से होगा. चीन में चल रहे एशियन हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी के फाइनल में भारत ने छठी बार अपनी जगह बनाई है. सोमवार को दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने साउथ कोरिया को चार-एक से हरा दिया था.

चीन के हुलूनबुईर मोकी के हॉकी ट्रेनिंग बेस पर सोमवार को भारत और साउथ कोरिया के बीच हुए मैच में भारत के लिए सबसे ज्यादा दो गोल कप्तान हरमनप्रीत ने किये. उनके अलावा उत्तम सिंह, जरमनप्रीत ने एक-एक गोल किया. साउथ कोरिया की तरफ से यंग जी यून ने गोल किया. फील्ड गोल के लिए जरमनप्रीत को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
चीन में चल रही इस चैंपियनशिप के लिए फाइनल मुकाबला आज मंगलवार को भारत और चीन के बीच खेला जाएगा. यह मुकाबला भारतीय समय के अनुसार दोपहर 3:30 से खेला जाएगा. चीन ने पाकिस्तान को पहले सेमीफाइनल में पेनल्टी शूटआउट में 2-0 से हराया था.
सोमवार को हुए मैच में भारत पहले ही मिनट से कोरिया पर दबाव बनाने में कामयाब रहा था.
