हाथरस से किडनैप किए गए जिओ फाइबर के मैनेजर को यूपीएसटीएफ ने अपहरणकर्ताओं के चंगुल से आजाद करा लिया है. यूपीएसटीएफ की इन बदमाशों के साथ मुरादाबाद में दो मुठभेड़ हुई और उनकी कैद से अभिनव भारद्वाज को रिहा करा लिया गया. अभिनव भारद्वाज का न्यू ईयर सेलिब्रेशन के बीच से अपहरण कर लिया गया था. उनकी पत्नी से 20 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई थी.
मुरादाबाद के एसपी रणविजय सिंह ने बताया कि अभिनव भारद्वाज मूल रूप से बिहार के बेगूसराय के निवासी हैं. हाथरस में वह जिओ फाइबर के मैनेजर हैं. अपनी पत्नी स्वीटी और बेटा अंश भारद्वाज के साथ वह हाथरस में रह रहे थे. 1 जनवरी की दोपहर वह अपने दोस्तों के साथ नई साल की पार्टी के लिए सिकंद्राराऊ गए थे मगर लौटे नहीं.

भारद्वाज की पत्नी स्वीटी के मोबाइल नंबर पर 1 जनवरी की रात करीब 9:00 बजे अपहरणकर्ताओं ने उन्हें फोन किया और अभिनव भारद्वाज के किडनैप किए जाने की बात कही. बदमाशों ने खुद को दिल्ली के कुख्यात गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया गैंग का सदस्य बताया और 20 लाख रुपए की फिरौती मांगी.
इस मामले में 2 जनवरी को स्वीटी भारद्वाज ने एसपी हाथरस को चिट्ठी देकर केस दर्ज कराया था.
हाथरस पुलिस और यूपीएसटीएफ ने अपहरणकर्ताओं की तलाश शुरू की. अपहरणकर्ताओं की ओर से बार-बार फिरौती को लेकर फोन आ रहे थे. स्वीटी को कहा गया कि उन्हें फिरौती की रकम लेकर मुरादाबाद में आना है. स्वीटी अपने परिवार के सदस्यों के साथ फिरौती की रकम लेकर मुरादाबाद पहुंची. एसटीएफ की टीम उनके पीछे लगी हुई.
शनिवार रात करीब 1:00 बजे अपहरणकर्ता अभिनव को लेकर आवास विकास कॉलोनी में एसएसपी बंगले के पास पहुंच गए थे. इसी दौरान एसटीएफ ने बदमाशों की कार को घेर लिया. बदमाशों ने फायरिंग शुरू की तो जवाबी फायरिंग में पुलिस ने भी कई राउंड गोलियां चलाईं. पुलिस की एक गोली बदमाश की गर्दन में लगी तो बाकी तीन बदमाश कार से उतरकर भाग निकले.
कार में घायल बदमाश का नाम विशाल है और वह अल्मोड़ा के रजपुरा गांव का निवासी है. पुलिस ने इसी कार से अभिनव को बरामद किया. बाद में एसटीएफ ने मुरादाबाद की पीली कोठी के पास से सुजल कुमार और करण बिष्ट को गिरफ्तार किया. यह दोनों स्कूटी पर सवार थे और अपहरणकर्ताओं के साथी हैं.
शनिवार की शाम भी यूपीएसटीएफ से हुई मुठभेड़ में एक और बदमाश गोलू ठाकुर पुलिस के हत्थे चढ़ा. पाक़बाड़ा इलाके में करीब 5:00 बजे उसे पुलिस ने हर्बल पार्क के पास घेर लिया. उसने पुलिस पर गोलियां चलाई जिसके जवाब में पुलिस ने भी बदमाश के ऊपर फायरिंग की.
गोलू ठाकुर के पैर में गोली लगी है. वह बुलंदशहर के छतारी इलाके का निवासी है. पुलिस के मुताबिक अभी इस मामले में अल्मोड़ा के विक्की और गौरव फरार है.
