मेरठ के ज्वैलरी कारोबारी रंजीत जैन को मथुरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है. रंजीत जैन के ऊपर आरोप है कि उन्होंने मथुरा में हुई एक हाई प्रोफाइल चोरी के जेवर कुछ दिन पहले खरीदे थे. मथुरा पुलिस आरोपी चोर को लेकर मेरठ पहुंची और उसकी निशानदेही पर सर्राफा कारोबारी को गिरफ्तार किया.
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के रिश्तेदार सुशील दीवान मथुरा में साड़ी व्यवसायी हैं. 31 दिसंबर को उनके घर चोरी हुई थी. मथुरा पुलिस रविवार को इस केस में गिरफ्तार चोर को लेकर मेरठ पहुंची. चोर की निशानदेही पर मथुरा पुलिस ने सर्राफा कारोबारी रंजीत जैन को उनके घर से गिरफ्तार किया. चोर ने पुलिस को वह दुकान भी दिखाई जहां उसने चोरी के जेवर बेचे थे. यह दुकान सर्राफा कारोबारी रंजीत जैन की है.

रंजीत जैन मेरठ की बहुचर्चित ऋषभ अकैडमी के पूर्व मैनेजर हैं। उनके कार्यकाल में ऋषभ अकैडमी तमाम विवादों को लेकर चर्चा में रही. स्कूल से जुड़े एक घोटाले में उनके खिलाफ केस दर्ज हुआ था और पुलिस में इस केस में उन्हें जेल भी भेजा था.

आरोपी रंजीत जैन -फाइल फोटो
फिलहाल पुलिस ने रंजीत जैन को गिरफ्तार करके परतापुर थाने में रखा है. रंजीत जैन और आरोपी चोर का आमना-सामना कराया गया है जिसके आधार पर पुलिस बेचे गए जेवरों की बरामदगी करना चाहती है.
31 दिसंबर 2024 को मथुरा के साड़ी व्यापारी सुशील दीवान के घर उसे वक्त चोरों ने वारदात को अंजाम दिया था जब उनका परिवार दर्शन के लिए गया था. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से रिश्तेदारी के चलते पुलिस इस मामले में बेहद सक्रिय है.
