संभल के सीओ अनुज चौधरी के खिलाफ पुलिस विभाग ने जांच शुरू की है. शासन से हुई शिकायत के बाद अनुज चौधरी को बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस भेजा गया है. अनुज चौधरी पर वर्दी पहनकर गदा लेकर धार्मिक जुलुस में शामिल होने और धार्मिक अनुष्ठान करने के आरोप है. पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने अनुज चौधरी के इस आचरण को सेवा नियमावली का उल्लंघन बताकर शिकायत की है.
संभल हिंसा और जामा मस्जिद विवाद में जिस पुलिस अफसर ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी उनका नाम अनुज चौधरी है. अनुज चौधरी संभल सिटी के सीओ पद पर तैनात है. उनका एक वीडियो सामने आया था जिसमें वह कथित रूप से गोलियां चलाते नजर आ रहे है.

अनुज चौधरी ने इस वीडियो पर खुलकर बयान दिया, वीडियो को स्वीकारा और यह भी कहा था कि वह पुलिस में गोलियां खाने नही आये है. उन पर कोई हमला करेगा तो उन्हें आत्मरक्षा का अधिकार है.
एक मीडिया हाउस से बात करते अनुज चौधरी का यह वीडियो जमकर वायरल हुआ था. उसके बाद कई बार अनुज चौधरी सोशलमीडिया पर चर्चित रहे. संभल में 46 साल से बंद मंदिर को खुलवाने के बाद उसकी पूजा अर्चना में भी अनुज चौधरी दिखाई दिये.
इसके बाद एक धार्मिक जुलूस में गदा लेकर अनुज चौधरी शामिल हुए. इस वीडियो में पुलिस वर्दी पहने अनुज चौधरी जुलुस खत्म होने के बाद पुजारी को गदा समर्पित करते देखे जा सकते है.
हाल ही में एक पत्रकार के फोन पर बदसलूकी के मामले में भी अनुज चौधरी चर्चित रहे. फोन कॉल वायरल होने के अगले दिन वह पत्रकार पुलिस थाने में लगड़ाता हुआ नजर आया था. पुलिस ने कई धाराओं के तहत उसे जेल भेजा था.
पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने अनुज चौधरी पर सेवा नियमावली के विरूद्ध आचरण करने के आरोप लगाये है. उन्होने यूपी सरकार के समाधान पोर्टल पर शिकायत कर अनुज चौधरी के खिलाफ कार्रवाई किये जाने की मांग की है.
अनुज चौधरी पर वर्दी पहनकर धार्मिक अनुष्ठानों और धार्मिक क्रियाकलापों में शामिल होकर सेवा नियमावली और वर्दी के स्थापित नियमों की जानबूझकर पूर्ण अवहेलना करने का आरोप है.
