बहराइच में एक नौकरानी ने अपने बॉयफ्रेंड के लिए लाखों रुपए की चोरी करके राइडर बाइक खरीदी है। घर मालिक को पता ही नहीं चला और नौकरानी ने लाखों रुपए के जेवर और कैश चोरी कर लिए। लंबी तफ्तीश के बाद पुलिस ने आरोपी नौकरानी और जेवर खरीदने वाले खरीदार को गिरफ्तार किया है।
बहराइच कोतवाली सिटी में शाहिद सगीर नाम के कारोबारी रहते हैं। उनके घर में अरीबा नौकरानी का काम करती है। अरीबा की उम्र करीब 22 साल है और वह लंबे समय से इस घर में नौकरानी है। पिछले दिनों शाहिद के घर में चोरी हुई। घर की अलमारी में रखे लाखों रुपए के जेवर और कैश गायब हो गया। शाहिद ने इस मामले में पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू की ।
पुलिस की जांच में सामने आया कि चोरी की यह वारदात किसी और ने नहीं अरीबा ने की थी। अरीबा का गुड्डू नाम के एक युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। गुड्डू की जेब में पैसा तो नहीं है लेकिन उसके शौक बड़े-बड़े हैं। गुड्डू के प्रेमजाल में फंसी अरीबा ने उसके शौक पूरे करने के लिए शाहिद के घर में चोरी करने की ठानी और वारदात को अंजाम दे दिया।
करीब 7 लाख रुपए के सोने के जेवर और कैश चोरी करने के बाद अरीबा ने करीब 2 लाख रुपए की राइडर बाइक गुड्डू को खरीद कर दी। इसके अलावा गुड्डू को उसने कुछ कैश भी दिया है। पुलिस ने अरीबा को गिरफ्तार करके उसे पूछताछ की और चोरी के पैसों से खरीदी गई बाइक और बाकी बचा कैश बरामद किया। पुलिस ने उस सुनार को भी गिरफ्तार किया है जिसने शाहिद के घर से चोरी किए गए जेवर खरीदे थे।
अरीबा की मोहब्बत की कहानी अब पूरे जिले में सब की जुबान पर है। किसी ने सच ही कहा है कि मोहब्बत इंसान का दिमाग बांध देती है। फिर वह अपना भला बुरा सोचने की सामर्थ्य खो देता है और यह भी नहीं देखता कि वह जो कर रहा है उससे उसे खुद नुकसान होगा या नहीं।
फिलहाल अरीबा के हाथ में हथकड़ियां लग चुकी है और वह जेल की सलाखों के पीछे है।
