शादी के सिर्फ 3 दिन बाद सोनम ने राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश रची थी. इंदौर के एक कैफे में इस साजिश का खाका तैयार किया गया और फिर सोनम ने अपने बॉयफ्रैंड राज के साथ मिलकर 3 भाड़े के हत्यारों को राजा की हत्या की सुपारी दे दी.
राजा रघुवंशी से सोनम शादी नही करना चाहती थी. पिता ह्रदयरोगी थे, वह चाहते थे कि बेटी की शादी उनके ही समाज में हो. पिता की इसी इच्छा के चलते सोनम ने राजा से शादी के लिए हां कर दी. सोनम ने इस शादी को अपनी नसीब की अनिवार्यता माना लेकिन अपने जीवन की राह अपने बॉयफ्रैंड के साथ जीने की प्लानिंग भी कर ली.
सोनम का प्लान था कि जब राजा रघुवंशी की हत्या के बाद वह विधवा हो जायेगी तो राज उससे शादी कर लेगा. इस शादी में सामाजिक बंधन भी आड़े नही आयेगा और ना ही पिता की इच्छा का विरोध होगा.
करीब 5 महीने पहले सोनम की राजा रघुवंशी से सगाई हुई थी. आफिस में काम का बहाना बनाकर सोनम राजा को वक्त नही देती थी. वह उसके साथ बाहर घूमने के लिए भी राजी नही थी. कई महीने से सोनम और राज के बीच लव अफेयर चल रहा था. राज सोनम के पिता की फर्म में ही कर्मचारी था.

11 मई 2025 को शादी के बाद 16 मई को हत्या की साजिश रची गयी. इसके बाद साजिश को अंजाम देने की कहानी शुरू हुई. सोनम ने सुपारी किलर्स को एडवांस पैसा और दो मोबाइल फोन और सिम भी दी. इन्हीं मोबाइल फोन्स से वारदात को अंजाम देने तक सोनम से हत्यारों की बात होती रही.
प्लानिंग के अनुसार राज के जरिये सोनम ने शिलांग के लिए अपना और राजा का टिकट बुक कराया. हनीमून ट्रिप के लिए 22 मई को दोनो शिलांग के लिए निकले. तीनों आरोपी इंदौर से ही सोनम और राजा को फॉलो कर रहे थे. शिलांग में सोनम के होमस्टे से महज एक किलोमीटर की दूरी पर वह रूके थे.
23 मई को जब राजा और सोनम पहाड़ी पर घूमने के लिए निकले तो फोटोशूट के बहाने सोनम राजा को सुनसान इलाके में लेकर गयी. वहां आरोपी पहुंचे और उन्होने कुल्हाड़ी से राजा पर हमला कर दिया. राजा का कत्ल करने के बाद तीनों ने राजा को पहाड़ी से नीचे खाई में फैंक दिया.
पुलिस के मुताबिक सोनम ने आरोपियों को अपने पर्स से 15 हजार रूपये निकालकर दिये और कहा कि बाकी पैसा भी जल्द मिल जायेगा. सुपारी किलर्स को राजा की हत्या के लिए 20 लाख रूपये की सुपारी दी गयी थी. हत्यारोपियों ने राजा की एक्टिवा करीब 25 किलोमीटर दूर छोड़ी थी.
राजा की हत्या के बाद सोनम गायब हो गयी. परिवार से सम्पर्क टूटने के बाद परिजनों ने आशंका जताई की राजा की हत्या के बाद सोनम को बांग्लादेशी किडनैप करके ले गये है. प्लान के मुताबिक सोनम के बॉयफ्रैंड राज को मौके पर पहुंचना था लेकिन आखिरी वक्त में उसने प्लान चैंज कर दिया और इंदौर में रहकर ही शूटर्स को निर्देश देता रहा. राजा रघुवंशी के अंतिम संस्कार में भी राज के शामिल होने के वीडियो सामने आये है.
9 जून की सुबह सोनम यूपी के जौनपुर में एक ढाबे पर पहुंची और उसने ढाबा मालिक से घर बात करने के लिए फोन मांगा. सोनम इस वक्त बदहवास हालत में थी. घर पर बात करने के बाद जब ढाबा मालिक से सोनम के भाई की बात हुई तो उसने ढाबा मालिक को पुलिस को फोन करने के लिए कहा. ढाबा मालिक ने पुलिस बुलाई और सोनम को पुलिस के सुपुर्द कर दिया.
सोनम की बरामदगी की बाद मेघालय और इंदौर पुलिस भी जौनपुर पहुंची. मेघालय पुलिस ने सोनम को ट्रांजिट रिमांड पर लिया है और उसे अपने साथ शिलांग ले गयी है. मेघालय पुलिस ने राजा रघुवंशी का शव बरामद होने के बाद हत्या का मुकदमा दर्ज किया था और पूरे मामले की जांच कर रही थी. पुलिस के मुताबिक अब तक तीनों शूटर्स की गिरफ्तारी की जा चुकी है.
