मेरठ में एक सिरफिरे आशिक ने दुल्हन के घरवालों को दूल्हे को गोली मारने की धमकी दी है. 4 जुलाई को इस दुल्हन की बारात बुलंदशहर से आनी है. पुलिस ने आशिक की धमकी के बाद मुकदमा दर्ज करके आशिक की तलाश शुरू कर दी है.
मेरठ के लोहियानगर में सिरफिरे आशिक के खिलाफ दुल्हन के परिजनों ने केस दर्ज कराया है. जानकारी के मुताबिक इलाके की एक युवती की शादी बुलंदशहर के एक युवक के साथ तय हुई है. 4 जुलाई को मेरठ में पाणिग्रहण संस्कार होना है. उससे पहले दुल्हन को परिवार को फोन पर यह धमकी मिली है.

कॉलर ने खुद को दुल्हन का आशिक बताते हुए धमकी दी कि दुल्हन की बारात लेकर यदि कोई और आया तो उसे गोली से उड़ा दिया जायेगा. कॉलर ने यह भी बताया कि उसका एक दोस्त जेल आता-जाता रहता है. ऐसा करना उसके लिए चुटकियों का खेल है.
परिजनों से पुलिस ने जब कॉलर के बारे में जानकारी चाही तो परिवार ने बताया कि कई महीनों से एक युवक उनकी बेटी को परेशान कर रहा है. वह उससे जबरन शादी करना चाहता है. उसने पहले भी इस तरह की धमकी दी है.
पुलिस ने इस मामले में हापुड़ के रक्षित और मेरठ के भावनपुर के रोबिन के खिलाफ केस दर्ज किया है. पुलिस ने परिवार को यह भी आश्वासन दिया है कि विवाह के दिन पूरी सुरक्षा कार्यक्रम स्थल पर रहेगी.
