उत्तराखंड के उत्तरकाशी शहर में करीब तीन से चार घंटे से लगातार मूसलाधार बारिश होती रही. तेज बारिश गंगोत्री हाईवे जगह-जगह तालाब में तब्दील हो गया है. ज्ञानसू क्षेत्र में पाडुलीगाड सहित ज्ञानसू और मैणा गाड उफान पर आ गए हैं. वरूणावत पर्वत से रूक-रूककर बोल्डर गिर रहे है. गोफियारा क्षेत्र में एक गदेरे के उफान पर आने से सड़क पर खड़े दोपहिया वाहन मलबे में दब गये.
क्षेत्र में भारी बारिश और भूस्खलन के बीच उजैली रेस्क्यू टीम ने तेखला पुल और आस-पास के क्षेत्रों में रेस्क्यू ऑपरेशन किए है. टीम ने आपातकालीन स्थितियों पर तुरंत करवाई की जिससे खराब मौसम के कारण फंसे हुए व्यक्तियों की सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा सका.
पुलिस के मुताबिक रात करीब 10 बजे आपदा कंट्रोल रूम से SDRF रेस्क्यू दल को जानकारी मिली कि तेखला पुल के पास कुछ व्यक्ति फंसे हुए हैं. SDRF टीम के मुख्य आरक्षी श्री वीरेंद्र पवार के नेतृत्व में उजैली टीम सूचना मिलते ही थोड़ी देर में घटनास्थल के लिए रवाना हुई. SDRF टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्परता से फंसे व्यक्तियों को सुरक्षित निकाला और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की.
SDRF टीम ने तेखला पुल के पास गदेरे में पानी अधिक आने के कारण फंसे 02 व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है. इसके बाद, वरुणावर्त पर्वत के पास भारी वर्षा और भूस्खलन की सूचना मिली थी. SDRF टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू कार्य किए है.
मांडो गाँव में 2 व्यक्तियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया. नेताला में फंसे 2 व्यक्तियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया. गुफियारा में भी रेस्क्यू टीम ने स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है और उन्हें उनके घर से निकालकर सुरक्षित स्थान पर भेजा है. यहां एक गदेरे के उफनने के बाद कई घरों में पानी भर गया था.
