उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आज जन्मदिन है. प्रदेश की जनता ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी. सुबह के कई इलाकों में मुख्यमंत्री का जन्मदिन सेलिब्रेट किया गया. उनके गृह क्षेत्र खटीमा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सीएम धामी के जन्मदिन पर कई कार्यक्रम आयोजित किए.
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने मुख्यमंत्री पुष्करसिंह धामी को फोन कॉल जन्मदिन की शुभकामनाएं दी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी पुष्कर सिंह धामी को जन्मदिन की बधाई दी है.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जन्मदिन के मौके पर मिली बधाइयों और शुभकामनाओं के लिए सबका आभार जताया. इस मौके पर उन्होंने प्रदेशवासियों को अनेक सौगातें भी दी है.
पुष्कर सिंह धामी ने ऐलान किया कि राज्य में प्रतिमाह 100 यूनिट तक विद्युत खर्च करने वाले उपभोक्ताओं को 50% सब्सिडी दी जाएगी. उच्च हिमालय क्षेत्र के लिए यह मानक 200 यूनिट तक रहेगा. यह सुविधा एक किलोवाट तक विद्युत भार वाले उपभोक्ताओं के लिए मुहैया होगी. प्रदेश के करीब 11 लाख 50 हजार उपभोक्ता इस योजना का लाभ उठा पाएंगे.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में पिटकुल की पांच परियोजनाओं का शिलान्यास किया है. मुख्यमंत्री ने राज्य में 16 लाख स्मार्ट मीटरों की स्थापना के लिए कार्य का आज शुभारंभ किया. 977 करोड़ की लागत से देहरादून शहर के प्रमुख मार्गो की विद्युत लाइन अंडरग्राउंड किए जाने के कार्य का भी मुख्यमंत्री ने ऐलान किया है. प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत मुख्यमंत्री ने 101 लाभार्थियों को उनके आवासों की चाबी सौंपी है.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृह क्षेत्र खटीमा में उनके जन्मदिन पर आज कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. खटीमा शहर में ओपन मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया जिसमें नशे पर रोकथाम के लिए संदेश दिया गया. भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंदिरों में हवन, पूजा करके पुष्कर सिंह धामी की लंबी उम्र की कामना की.
सीएम धामी के नगरा तराई स्थित आवास में उनकी माता जी ने कार्यकर्ताओं के बीच केक काटा और मुख्यमंत्री को आशीर्वाद दिया. प्रदेश के बाकी इलाकों में भी सीएम का जन्मदिन उमंग के साथ सेलिब्रेट किया गया. इस दौरान पर्वतीय छोलिया नृत्य मंडली और कुमायूं संस्कृति के परिधानों से सजी महिलाओं की टोलियां ने पारंपरिक खेल भी किया.
