देहरादून के आईएसबीटी बस अड्डे में किशोरी से सामूहिक बलात्कार के मामले में पुलिस ने 5 दरिन्दों को गिरफ्तार किया है. ये सभी सरकारी बसों के चालक और परिचालक है. इनमें से एक चालक और परिचालक किशोरी को दिल्ली से बस में देहरादून लेकर आये थे. किशोरी मूलरूप से मुरादाबाद की निवासी है.
12 अगस्त को उत्तराखंड परिवहन निगम की बस दिल्ली से देहरादून के लिए चलने वाली थी. उसी समय यह किशोरी पंजाब जाने के लिए बस पूछ रही थी. उत्तराखंड परिवहन निगम की अनुबंधित बस के ड्राइवर धर्मेन्द्र ने उसे पंजाब ले जाने की बात कही और बस में बिठा लिया. रात एक बजे देहरादून में सभी सवारियां जब उतर गयी तो उसने किशोरी के साथ बस में रेप किया. इसके बाद परिचालक देवेन्द्र ने भी उसके साथ बलात्कार किया.
दोनो ने दूसरी बस के अपने साथी परिचालक और चालक को भी बुला लिया और किशोरी से उन्होने भी गैंगरेप किया. इसके बाद बस अड्डे के कैशियर राजेश को भी बुलाकर दरिन्दों ने किशोरी को उसके हवाले कर दिया. राजेश ने भी बस में किशोरी के साथ रेप किया. इसके बाद किशोरी को बस अड्डे के बाहर फैंक दिया.
पुलिस ने सभी को गिरफ्तार किया है और बस को जब्त कर उसमें फोरेन्सिक सबूत इकठ्ठे किये है.
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि किशोरी को लावारिस बरामद करके बाल संरक्षण गृह भेजा गया था जहां उसने अपने साथ 5 अपराधियों द्वारा गलत काम किये जाने की बात बताई थी. आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों का सहारा लिया गया और संदिग्धों की पहचान कर उनके गिरफ्तारी की गयी. एसएसपी ने बताया कि सभी आरोपी गिरफ्तार है और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए पुलिस ने पुख्ता सबूत इकठ्ठे किये है.
