उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे को प्राकृतिक आपदा के चलते रोक दिया गया है. इस हाइवे पर डोलिया मंदिर के समीप भूस्खलन और भूघंसाव होने से भारी बोल्डर आकर गिरे हैं. इस दौरान हाईवे से वाहनों का गुजरना बंद हो गया था.
रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे देर शाम से डोलिया मंदिर के समीप बंद है. यहां पहाड़ी से भारी बोल्डर सड़क पर गिर गए हैं. बोल्डर गिरने से सड़क क्षतिग्रस्त हुई है जिससे दोनों तरफ का यातायात पूरी तरह ठप्प हो गया है. नेशनल हाईवे द्वारा दोनों तरफ से मशीनों की मदद से मलबे को साफ किया जा रहा है.
पहाड़ी पर लगातार गिर रहे पत्थरों के कारण इस राहत कार्य में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. हाईवे बंद होने से दोनों तरफ स्थानीय लोगों समेत कई यात्री और उनके वाहन फंसे हुए हैं.
भूस्खलन और भूघंसाव करीब 4:00 बजे उसे वक्त हुआ जब यहां से स्थानीय लोगों के अलावा कुछ सैलानियों का आवागमन जारी था.
यह इलाका भूस्खलन और भूघंसाव के लिहाज से काफी संवेदनशील माना जाता है. भूस्खलन के थोड़ी देर बाद जो नेशनल हाइवे की ऑलवेदर रोड परियोजना की कार्यदायी संस्था ने यहां बोल्डर और मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया. लेकिन पहाड़ी से नया मलबा लगातार गिर रहा है. पत्थर गिर रहे हैं जिससे राहत कार्यों में बड़ी परेशानी आई है.
नेशनल हाईवे के ईई निर्भय सिंह ने जानकारी दी है कि मशीनों से लगातार मलबा हटाने के साथ ऊपरी तरफ से कटान कर सड़क निर्माण किया जा रहा है जिससे वाहनों का संचालन शुरू किया जा सके.
