उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार सुबह सवेरे गोपेश्वर नगर में घूमने निकले. इस दौरान उन्होंने स्कूल जाते बच्चों और उनके अभिभावकों से बातचीत की. मुख्यमंत्री को अपने बीच देख शहर के लोग बेहद खुश थे.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सोमवार सुबह गोपेश्वर नगर की सड़कों पर शहर सपाटा करते हुए देखा गया. स्कूल जा रहे बच्चों को उन्होंने लाड़ से पुचकारा. साथ ही वाहन चालकों और दुकानदारों से बातचीत की. उन्होंने लोगों से प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रहे विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का फीडबैक भी लिया.
गोपेश्वर नगर की सड़कों पर घूमते हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी भाजपा कार्यकर्ता चंद्रकला तिवारी के आवास पहुंचे और उनके परिजनों से मुलाकात की. सीएम धामी ने यहां पर सुबह का नाश्ता भी किया. साथ ही परिवार का कुशलक्षेम भी जाना. सीएम धामी ने कहा कि जनता से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया और बहुमूल्य सुझाव प्रदेश के विकास के लिए समर्पित होने होकर कार्य करने का प्रेरणा देते हैं.
उत्तराखंड में हो रही तेज बारिश से प्रभावित इलाकों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संगठन के नेताओं और मंत्रियों को निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं. नैनीताल जिले के हल्द्वानी, कालाढूंगी और लालकुआं क्षेत्र में भारी बारिश से बड़ा नुकसान हुआ है. यहां कई कॉलोनी और कृषि भूमि में जलभराव की स्थिति हो गई है. भाजपा के वरिष्ठ नेता शंकर कोरंगा मुख्यमंत्री के निर्देश पर यहां प्रभावितों से मिलने पहुंचे और मुलाकात करके उनका हाल-चाल जाना.
सरकार की तरफ से सभी प्रभावितों को मदद का आश्वासन भी दिया गया है. भाजपा नेता शंकर कोरंगा ने सरकारी अधिकारियों से तेजी से राहत कार्य किए जाने के लिए कहा है.
