भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक हासिल कर लिया है. हॉकी टीम इस बार मेडल का रंग बदलने के लिए दावेदारी कर रही थी लेकिन उसमें उसे कामयाबी नहीं मिली. भारत ने टोक्यो 2020 में 41 साल का सूखा समाप्त करते हुए कांस्य पदक जीता था. 3 साल बाद फिर से हॉकी टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ब्रोंज मेडल हासिल किया है.
भारत ने कांस्य पदक के मुकाबले में स्पेन को 2-1एक से हरा दिया.
भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्विटर के जरिए हॉकी टीम को बधाई दी है. उन्होंने लिखा- “पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर हमारी हॉकी टीम को हार्दिक बधाई. 5 दशक से भी अधिक समय के बाद भारत ने लगातार दो ओलंपिक खेलों में कांस्य पदक जीता है. भारतीय हॉकी के पुनरूत्थान के लिए टीम प्रशंसा की पात्र है. उन्होंने भारत को गौरवान्वित किया है. इस टीम द्वारा दिखाई गई निरंतरता, कौशल, एकजुटता और लड़ने की भावना हमारे युवाओं को प्रेरित करेगी.
वेल डन भारतीय हॉकी टीम.”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस उपलब्धि पर टीम को बधाई देते हुए ट्विटर पर लिखा- “एक उपलब्धि जिसे आने वाली पीढ़ियां याद रखेगी. भारतीय हॉकी टीम ओलंपिक में चमकी. कांस्य पदक जीता. यह और भी खास है क्योंकि यह ओलंपिक में उनका लगातार दूसरा पदक है. उनकी सफलता कौशल, दृढ़ता और टीम भावना की जीत है. उन्होंने अत्यधिक जोश और लचीलापन दिखाया. खिलाड़ियों को बधाई. हर भारतीय का हॉकी से भावनात्मक जुड़ाव है और यह उपलब्धि इस खेल को हमारे देश के युवाओं के बीच और भी लोकप्रिय बनाएगी.”
विपक्ष के नेता और कांग्रेस पार्टी के सांसद राहुल गांधी ने भी भारतीय हॉकी टीम को उनकी जीत पर बधाई दी है उन्होंने एक्स पर लिखा- “भारतीय हॉकी टीम द्वारा अभूतपूर्व मैच – आप सभी को कांस्य पदक जीतते हुए देखकर गर्व महसूस हो रहा है. धन्यवाद श्रीजेश. उत्कृष्टता के प्रति आपकी अथक प्रतिबद्धता ने हमें प्रेरित रखा है.”
भारत और स्पेन के बीच कांस्य पदक मुकाबले में हाफ टाइम तक स्कोर 1-1 की बराबरी पर चल रहा था. दोनों टीमों के बीच पहला क्वार्टर गोल रहित बराबरी पर रहा लेकिन दूसरे क्वार्टर में पहले स्पेन ने पेनल्टी स्ट्रोक पर बढ़त हासिल की. लेकिन हरमनप्रीत सिंह ने दूसरा क्वार्टर समाप्त होने के चंद सेकंड पहले पेनल्टी कार्नर को गोल में बदलकर बराबरी हासिल कर ली. स्पेन के लिए मार्क मिराल्स ने गोल दागकर देश को बढ़त दिलाई.
इसके बाद भारतीय टीम लंबे समय तक बराबरी करने के लिए संघर्ष करती रही. भारत को दूसरे क्वार्टर में पेनल्टी कार्नर मिला लेकिन टीम गोल करने से चूक गई. इसके कुछ मिनट बाद फिर भारत के पास बराबरी का मौका आया और इस बार कप्तान हरमनप्रीत ने गोल करने का मौका नहीं गंवाया.
भारत के गृहमंत्री अमित शाह ने टीम को बधाई देते हुए लिखा है- “क्या शानदार प्रदर्शन! पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर हमारी पुरुष हॉकी टीम को बहुत-बहुत बधाई. आपका दमदार प्रदर्शन और बेहतरीन खेल भावना देश के युवाओं के लिए एक नया जोश जगाएगी. आपकी उपलब्धि ने देश का गौरव बढ़ाया है.”
भारती हॉकी टीम की इस अभूतपूर्व विजय के बाद पूरे देश में खुशी का माहौल है. कई शहरों में हॉकी प्रेमियों ने आतिशबाजी की और मिठाइयां बताकर इस जीत का जश्न मनाया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांस्य पदक विजेता भारतीय हॉकी टीम से फोन पर बात की और उन्हें बधाई दी.
