चीन में चल रहे एशियाई चैंपियन ट्रॉफी हॉकी में भारत ने अपना दबदबा बरकरार रखा है. भारत ने पांचवीं बार एशियाई चैंपियनशिप ट्रॉफी के खिताब पर अपना कब्जा जमा लिया. पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली कप्तान हरमनप्रीत सिंह की टीम ने फाइनल में चीन को कड़े मुकाबले में मात दी है.
भारतीय हॉकी टीम ने चीन को 1-0 से पराजित किया. मैच का एकमात्र गोल 51 वें मिनट में जुगराज सिंह ने किया. पांच खिताब जीतने के बाद भारतीय टीम इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे सफल टीम बन गई है. भारतीय हॉकी टीम ने लगातार सातवीं बार यह जीत दर्ज की है.
चीन को इस मैच में 37 वें मिनट में दूसरा और 41 वें मिनट में लगातार दो पेनल्टी कार्नर मिले. लेकिन यहां पाठक के मुस्तैद रहने से चीनी खिलाड़ी गोल नहीं कर सके. चौथे क्वार्टर में भारत में गोल कर दिया. हरमनप्रीत सिंह ने डी के अंदर गोल लाइन से गोल के सामने खड़े जुगराज सिंह को बैक पास दिया. उन्होंने पहले प्रयास में ही जोरदार हिट लगाकर गोल भेद दिया. यह उनका पहला अंतरराष्ट्रीय मैदानी गोल रहा.
पेरिस ओलंपिक का कांस्य पदक जीतने के बाद भारतीय टीम की सफलता से उत्साहित हॉकी इंडिया ने बड़े इनाम का ऐलान किया है. इंडिया टीम के सभी सदस्यों को तीन-तीन लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ को डेढ़ लाख रुपए देने की घोषणा की गई है.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने टीम की इस जीत पर उन्हें बधाई दी है.
